राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जुन्गा की दसवीं कक्षा की छात्रा राधिका शर्मा ने हॉकी खेल में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। हाल ही में कांगड़ा जिला के रैत में संपन्न हुई राज्य स्तरीय अंडर-19 मेजर खेल प्रतियोगिता में राधिका का चयन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए हुआ है। यह प्रतियोगिता आगामी 29 जनवरी से 2 फरवरी तक मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, रांची (झारखंड) में आयोजित की जाएगी। राधिका शर्मा ने अपने बेहतरीन खेल प्रदर्शन से न केवल राज्य स्तर पर अपनी जगह बनाई, बल्कि राष्ट्रीय टीम के लिए भी चयनित हुई। हिमाचल प्रदेश से कुल 18 छात्राओं का चयन किया गया है, जिनमें राधिका भी शामिल हैं। इससे पहले राधिका का चयन सुन्नी में हुई जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में हुआ था।

राधिका की इस सफलता से जुन्गा क्षेत्र के लोग भी गर्व महसूस कर रहे हैं। विद्यालय के प्रधानाचार्य सुमन चंदेल ने राधिका की इस उपलब्धि पर उसे शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वह विद्यालय की होनहार छात्रा हैं, जिन्होंने न केवल विद्यालय, बल्कि समूचे जुन्गा क्षेत्र का नाम रोशन किया है। प्रधानाचार्य ने बताया कि राधिका का चयन एक उदाहरण है कि मेहनत और लगन से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। राधिका एक साधारण परिवार से संबंध रखती हैं। उनके पिता जगत राम एक किसान हैं और पूराना जुन्गा में रहते हैं। राधिका के पिता ने अपनी बेटी की इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि यह परिवार के लिए एक गर्व का पल है।
राधिका और अन्य चयनित खिलाड़ियों के लिए आगामी 23 से 25 जनवरी तक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला माजरा, सिरमौर में कोचिंग कैंप आयोजित किया जाएगा, जिसमें वे अपनी खेल क्षमता को और बेहतर बनाने के लिए अभ्यास करेंगी। राधिका की इस सफलता से न केवल जुन्गा क्षेत्र, बल्कि प्रदेश भर में खेलों के प्रति युवाओं की प्रेरणा को भी बढ़ावा मिलेगा।