हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के घुमारवीं पुलिस थाना क्षेत्र के कोटलु ब्राह्मणा ग्राम पंचायत के गांव कोटलु बिंदडे में वीरवार सुबह एक 16 वर्षीय लड़की का शव संदिग्ध परिस्थितियों में कुएं में मिला। मृतका की पहचान रिद्धिमा, निवासी कोटलु बिंदडे के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस थाना घुमारवीं की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की सहायता से शव को कुएं से बाहर निकाला।

शव को सिविल अस्पताल, घुमारवीं ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही लड़की की मौत हो चुकी थी। परिजनों के अनुसार, लड़की बुधवार रात करीब 11 बजे से गायब थी। रातभर उसकी तलाश की गई। सुबह करीब 3 बजे जब परिजन घर के पास स्थित कुएं के पास पहुंचे, तो उन्होंने लड़की का शव पानी में देखा। डीएसपी घुमारवीं चंद्रपाल सिंह ने बताया कि पुलिस को सुबह घटना की सूचना मिली थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण स्पष्ट हो पाएंगे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।