जिला मुख्यालय नाहन में अब आम राहगीर घर से निकलते ही सड़क पर चलने से घबराता है। इसका कारण शहर के सर्कुलर रोड पर वाहनों की तेज गति से चलना है। शहर में पिछले कुछ दिनों में तेज गति से चल रहे वाहनों के कारण कई हादसे पेश आए हैं जिसमें कई लोग चोटिल हुए हैं। शहर में छह दिन पूर्व चौहान का बाग के समीप एक बाइक चालक ने एक राहगीर को टक्कर मारी। इसमें उसके शरीर पर चोटें आईं। शहर में पूरा दिन दो पहिया वाहन और चौपहिया वाहन तेज गति से चलते हैं। रात के समय वाहनों की गति ज्यादा तेज होती है। शहर के लोगों ने सर्कुलर रोड पर बढ़ रही तेज रफ्तार पर लगाम व सड़क पर स्पीड ब्रेकर, जेबरा क्राॅसिंग लगाने की मांग की है।

नाहन के पूर्व रोड सेफ्टी क्लब के अध्यक्ष विशाल तोमर ने कहा कि शहर में सर्कुलर रोड पर वाहनों की तेज रफ्तार बढ़ने से खतरा बढ़ा है। उन्होंने प्रशासन से शहर में स्पीड लिमिट के बोर्ड लगाने और तेज गति पर लगाम कसने की मांग की। उधर रामकृष्ण शर्मा ने कहा कि शहर में सर्कुलर रोड पर आम राहगीर अब आराम से चल नहीं सकता है। उन्होंने कहा कि शहर में कई जगह स्पीड ब्रेकर लगने आवश्यक हैं। इसके साथ ही स्कूलों के रास्ते में स्पीड ब्रेकर व जेबरा क्राॅसिंग होनी चाहिए ताकि बच्चे दुर्घटना का शिकार न हो सकें। प्रेम शर्मा ने बताया कि शहर में दो पहिया के साथ चौपहिया वाहन तेज गति के साथ चलते हैं। पुलिस प्रशासन को तेज स्पीड में चलने वालों के चालान करने चाहिए। अर्स अहमद ने बताया कि स्कूल के बच्चों को सड़क पार करनी काफी मुश्किल है। उन्होंने बताया कि कच्चाटैंक, रानीताल से लेकर गुन्नूघाट तक सरकारी निजी स्कूल है। इस मार्ग पर उचित यातायात सुरक्षा की जरूरत है। उन्होंने जेबरा क्राॅसिंग व स्पीड ब्रेकर की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

You missed