ग्राम पंचायत शिल्ला, शिलाई में 24 अप्रैल 2025 को महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण लीडरशिप मीटिंग का आयोजन किया गया। इस बैठक में सोलन से विशेष रूप से आईं एकल नारी कार्यकर्ता तारा देवी, रश्मि और ईशा ने सक्रिय भागीदारी निभाई। बैठक का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को जेंडर संवेदनशीलता और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना था। बैठक में स्थानीय स्तर पर अगनबाड़ी कार्यकर्ता निर्मला देवी, वार्ड मेंबर विद्या देवी और महिला मंडल की प्रतिनिधि सुनीता देवी सहित अन्य जागरूक महिलाओं ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

इन प्रतिनिधियों ने महिलाओं को समाज में अपनी प्रभावी भूमिका को समझने और उसे स्थापित करने के लिए प्रेरित किया। सोलन से आई कार्यकर्ताओं ने महिलाओं को समाज में लैंगिक समानता के महत्व के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने पारंपरिक पुरुष प्रधान सोच के प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने, अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और आत्मविश्वास के साथ अपने विचार रखने के लिए प्रेरित किया। यह लीडरशिप मीटिंग ग्राम पंचायत शिल्ला की महिलाओं के लिए अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने और समाज में बराबरी का दर्जा हासिल करने की दिशा में एक मजबूत कदम साबित हुई। इस पहल से क्षेत्र में महिला सशक्तिकरण के प्रयासों को नई गति और मजबूती मिलेगी।