हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में अगले 5 दिन बारिश ना होने की संभावना है, मौसम साफ रहेगा, लेकिन सुबह-शाम की खुश्क ठंड लोगों को सताएगी। इस दौरान यहां के न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने का मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है। किसानों को रबी की फसल की बुआई के लिए बारिश का इंतजार है, लेकिन फिलहाल बारिश होने के आसार नहीं है।
बागवानी व वानिकी यूनिवर्सिटी नौणी के पर्यावरण विज्ञान विभाग की ओर से जारी एडवाइजरी के अनुसार, सोलन में अगले 5 दिन अधिकतम तापमान 22 से 23 डिग्री सेल्सियस रहेगा। न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। अब तक न्यूनतम तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस के बीच चल रहा था।
दिन में धूप से गर्मी का अहसास
सोलन में इन दिनों दिन के समय धूप खिलने से गर्मी का अहसास हो रहा है, लेकिन शाम ढलते ही ठंड सताने लग जाती है। जिले में पिछले करीब डेढ़ माह से बारिश नहीं होने के कारण अधिकतर किसान गेहूं और मटर की फसल बो नहीं पाए हैं। कई स्थानों पर किसानों ने बुआई की, लेकिन सूखे की वजह से फसल में बढ़ोतरी नहीं हो रही है।
खासकर, उन किसानों को मुश्किल का सामना करना पड़ रहा है, जो फसलों की बुआई के लिए सिर्फ बारिश पर निर्भर हैं। जिले में करीब 25,400 हेक्टेयर क्षेत्र में रबी फसलों की खेती की जाती है, जिसमें से 22,600 हेक्टेयर क्षेत्र में गेहूं की ही फसल बोई जाती है। इसके अलावा जिला के किसान जौ, जई, सरसों, तारामीरा, चना, सब्जियों में मटर, गोभी, प्याज, लहसुन व कुछ मसालों की फसलें भी उगाते हैं।
नौणी यूनिवर्सिटी के पर्यावरण विज्ञान विभाग के HOD डॉ. SK भारद्वाज ने कहा कि अगले 5 दिन भी मौसम साफ रहने अनुमान है। बोई गई फसलों में लगातार सिंचाई की जरूरत है। खरपतवार पर नियंत्रण के लिए किसान फसलों की निराई-गुड़ाई करें।