प्रश्नकाल के दौरान पूर्व सरकार के समय हुए 350 डीजल बसों की खरीद टेंडर पर उपमुख्यमंत्री ने स्थिति स्पष्ट करते हुए यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि निगम की 1200 बसें जीरो बुक वैल्यू या 15 वर्ष पूरे कर चुकी हैं।

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि एचआरटीसी के बेड़े में जल्द 150 नई डीजल बसें शामिल होंगी। प्रश्नकाल के दौरान पूर्व सरकार के समय हुए 350 डीजल बसों की खरीद टेंडर पर उपमुख्यमंत्री ने स्थिति स्पष्ट करते हुए यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि निगम की 1200 बसें जीरो बुक वैल्यू या 15 वर्ष पूरे कर चुकी हैं। परिवहन निगम 1,350 करोड़ के घाटे में है। कोरोना संकट के दौरान कई बसें खड़ी रही थीं। अब रूट बहाल किए जा रहे हैं।

कांग्रेस विधायक नीरज नैय्यर के सवाल पर मुकेश ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान लॉकडाउन समाप्त होने के बाद चंबा में 160 रूटों पर बस सेवाएं बहाल कर दी गई हैं। जिले में अभी भी 14 रूटों पर बसों का परिचालन अस्थायी तौर पर संसाधनों की कमी के कारण बंद है। जल्द ये रूट बहाल किए जाएंगे। 10 नई बसें चंबा को जल्द दी जाएंगी। इनमें 26 सीटर दो छोटी बसें भी होंगी। विधायक केवल सिंह पठानिया और विनोद कुमार के सवाल पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि दोनों विधायकों को भी जानकारियां अलग से दे दी जाएंगी।

नैतिकता कहती है, जिस विभाग के मंत्री रहे हों, उसके सवाल नहीं पूछते

पूर्व परिवहन मंत्री और भाजपा विधायक बिक्रम सिंह पर तंज कसते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि नैतिकता कहती है, जिस विभाग के मंत्री रहे हों, उसके सवाल नहीं पूछे जाते। विधायक बिक्रम ने सदन में अनुपूरक सवाल पूछा था कि पूर्व सरकार के समय 350 बसों का जो टेंडर हुआ था, उसको लेकर सरकार क्या कदम उठाने जा रही है। भाजपा विधायकों की ओर से परिवहन विभाग से जुड़े कई सवाल पूछने पर मुकेश ने चुटकी लेते हुए कहा कि जब बिक्रम सिंह परिवहन मंत्री होते थे, तब तो इतने सवाल नहीं पूछे जाते थे। अब बहुत अधिक संख्या में सवाल लगा दिए गए हैं।

रविवार को जो बस रूट चलाएं जा सकते होंगे, चलाएंगे : मुकेश

कांग्रेस विधायक राजेंद्र राणा और संजय रत्न ने रविवार को प्रदेश के अधिकांश रूटों पर बस सेवा प्रभावित रहने का मामला उठाया। विधायकों ने कहा कि रविवार को बसें नहीं मिलने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि जो रूट चलाए जा सकते होंगे, उन्हें चलाएंगे। भाजपा विधायक बलवीर वर्मा के सवाल पर मुकेश ने कहा कि चौपाल में जल्द क्षेत्रीय प्रबंधक का पद भर दिया जाएगा। इसके बाद शेष रिक्त पद भरे जाएंगे। उन्होंने वर्मा पर चुटकी लेते हुए कहा कि विधायक हर सरकार में अपने काम निकलवा लेते हैं। विधायक राकेश जंबाल के सवाल का जवाब देते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सुंदरनगर विधानसभा क्षेत्र के तहत ध्वाल पंचायत के ऐहन गांव के लिए सड़क अभी खराब है। सोमवार सुबह ही मौके से यह जानकारी मिली है। बजट सत्र के बाद साथ चलकर बस को चला दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

You missed