वन मंडल अधिकारी नाहन की ओर से आज वन परिक्षेत्र जमटा की आमटा बीट में मिशन लाइफ जागरुकता अभियान चलाया गया जिसमें आमटा बीट के लगभग 20 हेक्टेयर क्षेत्र में पौधरोपण, जल निकायों का निर्माण के अतिरिक्त भूमि में उगी हुई अनावश्यक झाड़ियों को हटाया गया। साथ ही नमी संरक्षण के लिए छोटे-छोटे ट्रेन्चों का भी निर्माण किया गया।डीएफओ अवनी भूषण राय ने बताया कि पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय की ओर से विश्व पर्यावरण दिवस 2024 के तहत चलाए गए मिशन लाइफ अभियान का मुख्य कार्य भूमि पुनर्स्थापन में तेजी लाना, सूखा प्रतिरोधक क्षमता व मरुस्थलीकरण को रोकना है।
वन मंडलाधिकारी ने स्थानीय लोगों को मिशन लाइफ अभियान के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की। इसके अतिरिक्त उन्होंने स्थानीय लोगों को वनों में लगने वाली आग को नियंत्रित करने व वन विभाग को सहयोग करने के बारे में जागरूक किया। उन्होंने बताया कि बीते वर्ष भी विभाग की ओर से इस मिशन के तहत नाहन व आसपास के क्षेत्रों में कार्यक्रमों का आयोजन किया गया था। इसी कड़ी में मानसून के दौरान बंजर भूमि पर पौधारोपण का कार्यक्रम किया गया था और अब यहां लोगों के सहयोग से विभाग अन्य कार्य कर रहा है। इसका मकसद लोगों को भी जागरूक करना है। आसपास के लोगों का उन्हें भरपूर सहयोग मिल रहा है। इस अवसर पर विभाग के वन परिक्षेत्र अधिकारी प्रेम सिंह कंवर, बीओ मुकेश पुंडीर सहित अन्य स्टाफ मौजूद रहा।